सूदनपुर में 11 हजार वोल्ट का करंट फैला, मां गंभीर झुलसीक्योलड़िया में युवक की करंट से मौत
बरेली: यूपी के बरेली में बिजली से जुड़े दो अलग-अलग हादसों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।एक ओर अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव में हाईटेंशन लाइन टूटने से फैले करंट ने छात्र समेत दो लोगों की जान ले ली, वहीं दूसरी ओर क्योलड़िया क्षेत्र में कपड़े सुखाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट

देहात के अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव में सुबह करीब 7 बजे ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर लो टेंशन लाइन पर गिर गया। इससे पूरे मोहल्ले में करीब 11 हजार वोल्ट का करंट फैल गया। घर का दरवाजा खोलते ही कक्षा 10 का छात्र सुभाष (16 वर्ष) करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बेटे को बचाने दौड़ी मां सुनीता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। इसी दौरान पड़ोसी कुंवरपाल (24 वर्ष) भी जमीन पर पैर रखते ही करंट की चपेट में आ गए और उनकी भी मौत हो गई। हादसे के दौरान एक ई-रिक्शा में आग लगने की भी सूचना है।
अधिकारियों ने किया निरीक्षण, मुआवजे का ऐलान
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है। साथ ही घायल महिला के इलाज का पूरा खर्च उठाने और परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने की बात कही गई है।
कपड़े सुखाते समय युवक की मौत
वहीं क्योलड़िया थाना क्षेत्र के अंबरपुर गांव में 22 वर्षीय रंजीत की करंट लगने से मौत हो गई। वह घर के आंगन में कपड़े सुखा रहा था, तभी अचानक बिजली के संपर्क में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा।परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। रंजीत की शादी एक साल पहले ही हुई थी, और उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
सूदनपुर में मृत छात्र सुभाष मजदूर परिवार से था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। वहीं कुंवरपाल पहले से ही शारीरिक रूप से कमजोर थे और सिलाई कर जीवनयापन करते थे। अंबरपुर के रंजीत की मौत ने उसकी पत्नी और मां को गहरे सदमे में डाल दिया है।
