गोतस्करी, लूट, जुआ समेत कई अपराधों में शामिल बदमाश रडार पर; पुलिस ने सख्ती बढ़ाई
पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जनपद में अपराध पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। अप्रैल 2026 में पीलीभीत पुलिस ने 8 थाना क्षेत्रों के 36 शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। इन सभी अपराधियों की अब 24 घंटे निगरानी की जा रही है, जिससे जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीट खोले गए अपराधियों में 19 गोतस्करी, 8 लूट, 5 जुआ, 1 छिनैती, 2 चोरी/नकबजनी और 1 धोखाधड़ी जैसे मामलों में सक्रिय रहे हैं। ये सभी अपराधी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं और कई बार कार्रवाई के बावजूद सुधर नहीं रहे थे।
बरखेड़ा में सबसे ज्यादा कार्रवाई

इस अभियान के तहत सबसे ज्यादा कार्रवाई बरखेड़ा थाना क्षेत्र में हुई, जहां अकेले 17 अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी चिन्हित अपराधियों को निगरानी में लिया गया है।
एसपी के सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि हिस्ट्रीशीटरों की हर गतिविधि पर नजर रखी जाए, उनके संपर्कों की जांच की जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए।
अपराधियों में मचा हड़कंप
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से जिले के अपराधियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराध करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्ती बरती जाएगी।
