बरेली : जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने तहसील नवाबगंज में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया। डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां डीएम ने मौके पर ही कई शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित व गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि शासन की मंशा के अनुरूप आम जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों को जागरूक किया जाए ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रख सकें।
छात्रा हर्षिता की कहानी बनी प्रेरणा

इस दौरान एक भावुक क्षण तब आया, जब ग्राम देवरनियां की कक्षा 9 की छात्रा हर्षिता ने जिलाधिकारी को अपने हाथों से बनाया चित्र भेंट किया। हर्षिता के हृदय में छेद के इलाज के लिए डीएम की पहल पर शासन से 75 हजार रुपये की सहायता मिली थी, जिससे उसका सफल उपचार हो सका। इस अवसर पर छात्रा और उसके पिता ने डीएम को धन्यवाद देते हुए आभार जताया।
विभिन्न मामलों पर दिए गए निर्देश

समाधान दिवस में कई अहम शिकायतें सामने आईं। ग्राम गरगईया निवासी एक व्यक्ति ने अपने भाई की मृत्यु के बाद चौकीदार पद पर नियुक्ति की मांग की, जिस पर डीएम ने एडीएम (प्रशासन) को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।वहीं, ग्राम गुलशन नगर की एक महिला ने खेत की मेड़ पर लगे पेड़ काटे जाने की शिकायत की, जिस पर धारा-24 के तहत वाद दर्ज करने का आदेश दिया गया। ग्राम ज्योरा मकरन्दपुर के एक आवेदक ने राशन कार्ड न बनने की समस्या बताई, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर पात्र पाए जाने पर राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए।
कई विभागों की शिकायतें आईं सामने

सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पूर्ति, विकास, चकबंदी, विद्युत समेत कई विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, पीडी डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, प्रभारी एसडीएम नवाबगंज निधि शुक्ला सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
