बांद्रा-गोरखपुर अनारक्षित ट्रेन और प्रताप नगर-लालकुआं सुपरफास्ट साप्ताहिक सेवा शुरू, भीड़ कम करने के लिए रेलवे का बड़ा कदम
बरेली : भीषण गर्मी और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेल प्रशासन ने दो विशेष ट्रेनों के संचालन का ऐलान किया है, जिससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और गुजरात रूट पर यात्रा करने वालों को खासा फायदा मिलेगा।
बांद्रा-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
रेलवे ने 09157/09158 बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर/बोरीवली अनारक्षित ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। 09157 ट्रेन 03 मई 2026 को बांद्रा टर्मिनस से रात 12.30 बजे रवाना होकर दूसरे दिन गोरखपुर जंक्शन शाम 5.30 बजे पहुंचेगी। वापसी में 09158 ट्रेन 04 मई को गोरखपुर से रात 8.30 बजे चलकर तीसरे दिन बोरीवली रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन में 20 कोच होंगे। जिनमें 18 जनरल (अनारक्षित) कोच शामिल हैं, जिससे आम यात्रियों और श्रमिक वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।
प्रताप नगर-लालकुआं सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल
रेलवे ने दूसरी बड़ी घोषणा करते हुए 09119/09120 प्रताप नगर -लालकुआं सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन भी चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 03 मई से 28 जून 2026 तक हर रविवार प्रताप नगर से चलेगी। वापसी में हर सोमवार लालकुआं से संचालित होगी। कुल 18 फेरों के लिए इसका संचालन किया जाएगा। इस ट्रेन में 2 एसी द्वितीय श्रेणी, 6 एसी तृतीय श्रेणी, 6 स्लीपर, 4 जनरल कोच, 2 गार्ड/लगेज कोच शामिल होंगे।
बरेली, पीलीभीत समेत कई स्टेशनों को फायदा
दोनों स्पेशल ट्रेनों का रूट काफी व्यापक रखा गया है। ये ट्रेनें बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, कासगंज, मथुरा, कोटा, वडोदरा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी। इससे स्थानीय यात्रियों को सीधे कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
यात्रियों को क्यों मिलेगी राहत?
गर्मी में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को कम करने में मदद मिलेगी। लंबी दूरी के यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प श्रमिकों और आम यात्रियों के लिए सस्ती यात्रा सुविधा। उत्तर भारत से मुंबई/गुजरात और उत्तराखंड तक बेहतर कनेक्टिविटी होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह कदम गर्मियों में यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखकर उठाया गया है। आने वाले दिनों में जरूरत के अनुसार और स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं।
