बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है।पुलिस टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया, जिनके पास से 5 चोरी की बाइक बरामद हुई हैं। यह कार्रवाई इलाके में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए अहम मानी जा रही है।
गश्त के दौरान मिली मुखबिर से सूचना
पुलिस के अनुसार, दारोगा सौरभ सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान गौसगंज पुलिया के पास सूचना मिली कि कुछ लोग चोरी की मोटरसाइकिल लेकर उन्हें बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत कंजर गोटिया की ओर जाने वाली नहर पुलिया पर पहुंची, जहां तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी और बरामद बाइक
पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, इनकी पहचान फाजिल निवासी फर्रखपुर, अरमान निवासी भूरे खां गोटिया और सोहेल निवासी भूरे खां गोटिया, थाना फरीदपुर के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 5 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। जिनमें हीरो स्प्लेंडर, हीरो HF डीलक्स और टीवीएस अपाचे जैसी बाइक शामिल हैं। एक बाइक पर रजिस्ट्रेशन नंबर UP25CD8303 भी मिला है।
पूछताछ में कई जगह से चोरी कबूली
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने अलग -अलग जगहों से बाइक चोरी की थी। इनमें फरीदपुर के कैसरपुर गांव, बिथरी चैनपुर के धनवंतरी हॉस्पिटल (बीसलपुर रोड), कैंट क्षेत्र के भौजपुर अड्डा, बारादरी थाना क्षेत्र और उत्तराखंड के रुद्रपुर से बाइक चोरी करना शामिल है। आरोपी इन सभी मोटरसाइकिलों को बेचने के लिए ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।पुलिस ने इस मामले में थाना फरीदपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
