बरेली : यूपी के बरेली-शाहजहांपुर रोड स्थित नकटिया ल नदी पुल की खराब स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब इस पुल पर यातायात को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि मरम्मत कार्य सुरक्षित और तेजी से पूरा किया जा सके। दरअसल, यह आदेश कार्यालय अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग बरेली की ओर से जारी किया गया है। अधिशासी अभियंता भगत सिंह के पत्र के मुताबिक, शाहजहांपुर से बरेली मार्ग पर स्थित नकटिया पुल के बियरिंग्स (Bearings) बदलने का कार्य किया जाना है, जो पुल की मजबूती और सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए शाहजहांपुर से बरेली साइड आने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह डायवर्जन 13 मई 2026 तक प्रभावी रूप से लागू रहेगा।
पुल की हालत खराब
अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि इस अवधि के दौरान ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कराया जाए, ताकि पुल पर मरम्मत कार्य बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके। हालांकि, नकटिया पुल पर बियरिंग बदलने का कार्य काफी समय से प्रस्तावित है।पुल की संरचना को सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह जरूरी है। जिसके चलते शाहजहांपुर-बरेली रूट पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। यह 13 मई, 2026 तक लागू रहेगा।
यात्रियों को किया अलर्ट
प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें। ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। हालांकि, नकटीया पुल की मरम्मत को लेकर लिया गया यह फैसला जहां एक ओर अस्थायी असुविधा जरूर पैदा करेगा, वहीं दूसरी ओर भविष्य में सुरक्षित और सुगम यात्रा का रास्ता भी खोलेगा।
