चुनावी तैयारी तेज वेयरहाउस में अग्निशमन से रिकॉर्ड तक सबकी जांच
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को डीएम अविनाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने परसाखेड़ा स्थित VVPAT वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।
अग्निशमन उपकरणों की भी हुई जांच

डीएम ने वेयरहाउस में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी उपकरण पूरी तरह तैयार और सक्रिय अवस्था में रखें जाएं।
नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

प्रशासन की ओर से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समय-समय पर निरीक्षण करते रहें और व्यवस्थाओं को लगातार दुरुस्त रखें, ताकि किसी भी प्रकार की चूक की संभावना न रहे।
