तीन लाख रुपये ठगने का भी आरोप, एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
पीलीभीत : उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दिल्ली की एक महिला ने पीलीभीत के रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और आर्थिक ठगी का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ढाई साल तक भरोसे में लेकर किया शोषण
पीड़िता, जो दिल्ली के लाजपत नगर की रहने वाली बताई जा रही है। उसने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह तलाकशुदा है और उसकी एक 13 वर्षीय बेटी भी है। उसका आरोप है कि करीब ढाई साल पहले गोवा जाते समय उसकी मुलाकात पीलीभीत के एक युवक से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और युवक ने शादी का वादा कर उसे अपने झांसे में ले लिया। महिला का कहना है कि आरोपी उसे कई बार पीलीभीत बुलाता रहा और दिल्ली में भी उसके साथ पति-पत्नी की तरह रहता था। इस दौरान उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
तीन लाख रुपये ऐंठने का भी आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने अलग-अलग बहानों से उससे करीब तीन लाख रुपये भी ले लिए। भरोसा जीतने के लिए उसने शादी का आश्वासन लगातार दिया, लेकिन बाद में अपने वादे से मुकर गया। महिला ने अपने आरोपों के समर्थन में कुछ फोटो और अन्य साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे हैं।
दूसरी शादी के बाद टूटा भरोसा
पीड़िता के अनुसार, मार्च 2026 में आरोपी ने अचानक उससे संपर्क तोड़ दिया। इसके बाद 24 अप्रैल को उसने दूसरी महिला से शादी कर ली। इस घटना के बाद महिला को धोखे का एहसास हुआ और वह न्याय की मांग लेकर पीलीभीत पहुंची।
एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
मामले को गंभीरता से लेते हुए पीलीभीत की एसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में सीओ सदर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि यह मामला संवेदनशील है और हर पहलू से जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
