बरेली : शहर के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब एम.बी. इंटर कॉलेज के मैदान में अचानक आग लग गई। शुरुआत में मामूली दिख रही आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें दूर तक नजर आने लगीं। आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोग जुटे, फिर पहुंची दमकल
आग लगने के बाद आसपास के लोग खुद ही इसे बुझाने में जुट गए, लेकिन तेज लपटों के सामने उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
बिजली-पानी की लाइनें भी आई चपेट में
आग इतनी तेजी से फैली कि उसने मैदान के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सूचना यह भी है कि इस दौरान सरकारी बिजली और पानी की पाइपलाइन भी इसकी चपेट में आ गईं, जिससे इलाके में सप्लाई बाधित होने का खतरा पैदा हो गया। लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस-प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा के मुताबिक टीम लगातार आग पर काबू पाने में जुटी रही। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि, असली कारणों की जांच जारी है। स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
