दुर्ग-भिलाई: स्मृति नगर चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने घर में घुसकर एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में मां और उसके नौ वर्षीय बेटे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घायल बच्ची का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
घटना शनिवार सुबह की बताई जा रही है। जैसे ही इस वारदात की सूचना पुलिस को मिली, मौके पर तत्काल पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने आरोपी महिला को मौके से ही हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार यह हमला एसटीएफ जवान ललितेश यादव के परिवार पर हुआ। घटना के समय ललितेश यादव घर पर मौजूद नहीं थे और किसी काम से रेलवे स्टेशन गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज ने घर में घुसकर ललितेश की पत्नी और बच्चों पर कई बार धारदार हथियार से वार कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज और ललितेश यादव के बीच पहले से संबंध थे। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी और बाद में दोनों ने विवाह भी कर लिया था। जानकारी के अनुसार ललितेश ने सरोजनी को दुर्ग में एक मकान में रखा हुआ था। सूत्रों के मुताबिक एक दिन पहले ही ललितेश यादव ने सरोजनी को समझाकर घर से भेज दिया था, लेकिन शनिवार सुबह वह फिर से घर पहुंच गई और इस खौफनाक घटना को अंजाम दे दिया।
हमले में ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव और उनके नौ वर्षीय बेटे आदित्य यादव की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी बेटी नैना यादव गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। वहीं एक अन्य बेटी ने अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में छिपकर खुद को सुरक्षित कर लिया। घटना के समय आसपास के लोगों ने चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचकर आरोपी महिला को पकड़ लिया और उसके हाथ से हथियार छीन लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी महिला मूल रूप से जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। फिलहाल पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। आरोपी महिला से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह घटना एक बार फिर से यह सवाल खड़ा करती है कि निजी रिश्तों में बढ़ते विवाद किस हद तक खतरनाक रूप ले सकते हैं। पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के सभी कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल घायल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है ।
