सपा प्रमुख ने बीजेपी को बताया गिद्ध पार्टी, 2027 में ऐतिहासिक जीत का दावा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में बैठी पार्टी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्षी दलों को तोड़ने का काम कर रही है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा “गिद्ध पार्टी” बन चुकी है, और हर घटना को जातीय एंगल देकर समाज को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के आरक्षण को लेकर भ्रम फैला रही है, जबकि महिला आरक्षण बिल 2023 में पास होकर नोटिफाई हो चुका है।
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप

सपा प्रमुख ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “दबाव और लालच देकर पार्टियां तोड़ी जा रही हैं”, और हाल के राजनीतिक घटनाक्रम इसका उदाहरण हैं।
महिला आरक्षण पर फैलाया झूठ
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। उन्होंने राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि “महिलाएं और बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।”उन्होंने यह भी कहा कि सपा महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन उसमें पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग की महिलाओं को भी शामिल किया जाना चाहिए।
2027 चुनाव पर बड़ा दावा

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव “कार्यकर्ताओं का चुनाव” होगा और समाजवादी पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा कि “सर्वे से चुनाव नहीं जीते जाते, बूथ स्तर पर मेहनत ही जीत दिलाती है।”वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने किसानों के मुद्दों पर भी बात की।उन्होंने वादा किया कि सपा सरकार बनने पर किसानों को सब्सिडी दी जाएगी। फसल नुकसान की भरपाई होगी।
संकट में किसान, सपा सरकार में 24 घंटे में MSP और भुगतान

पूर्व सीएम ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि आज देश का किसान भारी संकट में है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगे बीज, खाद, डीजल और कर्ज के बोझ से खेती अलाभकारी हो गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि “जब खेत मुस्कुराएगा, तभी देश मुस्कुराएगा।” सपा प्रमुख ने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर किसानों को फसल का भुगतान 24 घंटे के भीतर किया जाएगा और 23 फसलों के साथ दूध पर भी MSP लागू किया जाएगा।उन्होंने स्मार्ट मीटर, बिजली संकट और मंडियों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि सपा सरकार में किसानों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, सब्सिडी और स्टोरेज की व्यवस्था की जाएगी। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भविष्य में किसानों के कर्ज से राहत के लिए विशेष कानून लाया जाएगा, ताकि किसानों को आर्थिक मजबूती मिल सके।
