ज़ायरीन की सुविधा और व्यवस्था पर खास फोकस, वालंटियर कार्ड वितरित, सफल आयोजन के लिए टीम ने लिया संकल्प
बरेली : उर्स-ए-ताजुश्शरिया के 8वें आयोजन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में जामियातुर्रज़ा में वालंटियर्स की एक अहम और अंतिम बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में वालंटियर्स ने भाग लिया और उर्स को सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक में वालंटियर्स को उर्स के दौरान उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। ज़ायरीन की सुविधा, अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी तय की गई। साथ ही सभी वालंटियर्स को निर्देश दिए गए कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वालंटियर कार्ड से होगी पहचान, व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
इस अवसर पर सभी वालंटियर्स को पहचान सुनिश्चित करने के लिए वालंटियर कार्ड वितरित किए गए। यह कार्ड ड्यूटी के दौरान उनकी पहचान को आसान बनाएंगे और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद करेंगे।
“ज़ायरीन की सेवा सबसे बड़ा सवाब”-उर्स प्रभारी
उर्स प्रभारी सलमान मिया ने कहा कि उर्स में आने वाले सभी ज़ायरीन की सेवा करना सबसे बड़ा सवाब है। उन्होंने वालंटियर्स को टीम की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनकी जिम्मेदारी है कि वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ कार्य करें, ताकि हर ज़ायरीन को बेहतर सुविधा मिल सके।
समन्वय और अनुशासन से होगा सफल आयोजन
जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान (फरमान मिया) ने कहा कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में वालंटियर्स की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है।उन्होंने सभी से प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की अपील की। कोर टीम के सदस्य डॉ. मेहंदी हसन ने भी वालंटियर्स से अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
सफल आयोजन के लिए लिया सामूहिक संकल्प
बैठक के अंत में सभी वालंटियर्स ने एकजुट होकर उर्स को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सय्यद अज़ीमुद्दीन अज़हरी, मौलाना ज़ैद मरकज़ी, हाफिज इकराम, मोइन खान, अब्दुल्लाह रज़ा खान, मौलाना निज़ाम, यासीन खान, शाहबुद्दीन रज़वी, कौसर अली, फैज़ान अहमद, अमन रज़ा अहमद और दन्नी अंसारी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
