टिकट चेकिंग के दौरान हुआ विवाद, प्लेटफॉर्म पर गिरा यात्री, जिला अस्पताल में भर्ती, रेलवे व पुलिस जांच में जुटे
बरेली : बरेली जंक्शन पर चलती ट्रेन से एक यात्री को धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल यात्री ने टिकट चेकिंग के दौरान टीटी पर धक्का देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है, जबकि घायल की हालत जिला अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।जानकारी के मुताबिक, अवध असम एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे।शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय शैलेश बरेली आ रहे थे। आरोप है कि कैंट क्षेत्र में टिकट चेकिंग के दौरान टीटी ने उनसे 3500 रुपये जुर्माने की मांग की।इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई और कथित तौर पर टीटी ने उन्हें चलती ट्रेन से प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर धक्का दे दिया।
प्लेटफॉर्म पर गिरते ही मची अफरा-तफरी
चलती ट्रेन से गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घायल शैलेश को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके पैर में फ्रैक्चर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें पाई गई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पत्नी का दर्द-“जुर्माना दे देते, जान से क्यों खेला?”
इस घटना के बाद अस्पताल पहुंची पत्नी पूनम ने कहा कि अगर टिकट में कोई समस्या थी तो वे जुर्माना भरने को तैयार थे, लेकिन इस तरह धक्का देना जानलेवा है। उन्होंने आरोपी टीटी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटा प्रशासन
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं रेलवे प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए तो संबंधित टीटी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना रेलवे सुरक्षा और यात्रियों के साथ व्यवहार को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
