ट्रैफिक डायवर्जन, मेडिकल कैंप और सुरक्षा पर खास फोकस
बरेली : 24 और 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले उर्स -ए- ताजुश्शरिया को लेकर बरेली प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस लाइन सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजकों ने भी हिस्सा लिया।
बैठक में अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा, मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. चौधरी, डीआईजी अजय कुमार साहनी, डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई अधिकारी मौजूद रहे। सबसे पहले पिछली बैठक में बताई गई कमियों की समीक्षा की गई, और उनके समाधान की जानकारी ली गई।
ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पुलिस अधीक्षक यातायात ने बताया कि झुमका तिराहा, परसाखेड़ा, कुदेशिया अंडरपास और नैनीताल रोड जैसे प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। वहीं उर्स के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरे क्षेत्र को तीन सुपर जोन, पांच जोन और 13 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
मेडिकल और फायर सेफ्टी पर भी फोकस
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जानकारी दी कि 102/108 एम्बुलेंस,मेडिकल मोबाइल यूनिट और स्वास्थ्य शिविरों की व्यवस्था की जाएगी। अग्निशमन विभाग भी पूरी तरह अलर्ट रहेगा और जरूरी उपकरण मौके पर उपलब्ध रहेंगे।
‘नई परंपरा नहीं, शांति और सौहार्द जरूरी’
मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उर्स का आयोजन पूरी तरह।शांतिपूर्ण और साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ होना चाहिए। किसी भी नई परंपरा या गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे माहौल खराब होने की आशंका हो।
सोशल मीडिया पर भी नजर, वालंटियर की होगी पहचान
एडीजी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ पोस्ट से बचने के लिए सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी। वालंटियरों की सूची और आईडी कार्ड अनिवार्य किए गए हैं, ताकि पहचान सुनिश्चित हो सके।
उर्स और परीक्षा साथ,प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती
डीआईजी ने बताया कि 25 अप्रैल को उर्स के साथ ही होमगार्ड भर्ती परीक्षा भी आयोजित होगी, जो 25 से 27 अप्रैल तक चलेगी। ऐसे में परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचाने के लिए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम और एसएसपी के सख्त निर्देश
डीएम अविनाश सिंह ने सड़क, बिजली, पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि गैर परंपरागत गतिविधियों पर रोक रहेगी और रात में गश्त बढ़ाई जाएगी।
