गांव में शराब ठेका खुलने का विरोध, महिला प्रधान के नेतृत्व में डीएम कार्यालय तक पहुंचा प्रदर्शन
पीलीभीत : यूपी के पीलीभीत जिले के बूंदी भूड़ ग्राम पंचायत में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और साफ ऐलान किया कि किसी भी कीमत पर गांव के भीतर शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। यह विरोध प्रदर्शन ग्राम प्रधान शीला सिंह के नेतृत्व में हुआ। जिसमें बंगाली समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं। महिलाओं ने पहले गांव में प्रदर्शन किया और कार्रवाई न होने पर डीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन को शिकायती पत्र सौंपा।
‘गांव का माहौल बिगड़ेगा’, महिलाओं ने जताई चिंता
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि रिहायशी इलाके के पास शराब की दुकान खुलने से गांव का माहौल खराब होगा। उनका आरोप है कि इससे पुरुषों में नशे की लत बढ़ेगी और बच्चों, खासकर छात्राओं की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा होगा।प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब कारोबारी प्रशासन की मिलीभगत से मनमानी कर रहा है और आबादी के बीच दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है। महिलाओं ने इसे गांव के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
डीएम ने दिया आश्वासन, जांच के बाद होगा फैसला
महिलाओं के प्रदर्शन के बाद डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं ने प्रशासन के सामने साफ मांग रखी है कि या तो शराब की दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाए या उसे गांव की आबादी से दूर स्थानांतरित किया जाए।
