लखनऊ : लोकसभा में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर विपक्ष के रवैये के खिलाफ मंगलवार को राजधानी लखनऊ में जोरदार विरोध देखने को मिला। इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘जन आक्रोश महिला पद यात्रा’ निकाली गई, जो सीएम आवास से शुरू होकर विधानभवन तक पहुंची। इस पद यात्रा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के रवैये के कारण आज महिलाएं सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के लिए यह कहावत प्रचलित है कि “देख सपाई बिटिया घबराई”।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा-कांग्रेस के खिलाफ महिलाओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को आरक्षण नहीं मिलेगा तो सपा-कांग्रेस को वोट भी नहीं मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में महिलाएं विपक्ष को सबक सिखाएंगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि विपक्ष ने न केवल अधिनियम का विरोध किया, बल्कि सदन में खुशी भी जाहिर की, जिससे जनता में नाराजगी और बढ़ गई है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके का महिला विरोधी चेहरा अब पूरी तरह उजागर हो चुका है। उन्होंने कहा कि यह पद यात्रा पूरे प्रदेश और देश में महिलाओं के आक्रोश का प्रतीक बनेगी। कार्यक्रम के अंत में सीएम योगी ने पद यात्रा को रवाना किया और कहा कि प्रदेश का हर नागरिक महिलाओं के सम्मान और अधिकारों के साथ खड़ा है।
