बिजली, बेरोजगारी, किसान संकट और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, MSP की कानूनी गारंटी और कर्जमाफी की मांग
बिलारी (मुरादाबाद) : यूपी के मुरादाबाद जिले के बिलारी में आयोजित प्रेस वार्ता में किसान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व विधायक डॉ. सुनीलम ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “बीजेपी की केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ की यूपी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। डॉ. सुनीलम ने “डबल इंजन सरकार” के दावों को निशाने पर लेते हुए कहा कि यह मॉडल विकास नहीं, बल्कि जनता के साथ धोखे और वादाखिलाफी का प्रतीक बन गया है।
बिजली और महंगाई पर घेरा
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 24 घंटे बिजली देने के दावे पूरी तरह फेल हो चुके हैं। शहरों, कस्बों और गांवों में बार-बार कटौती और भारी बिल से जनता परेशान है। निजीकरण की नीतियों ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
किसानों की हालत पर चिंता
किसान मुद्दों पर बोलते हुए डॉ. सुनीलम ने कहा कि कर्जमाफी, MSP और गन्ना भुगतान जैसे वादे कागजों तक सीमित हैं। किसानों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है। जिससे वे कर्ज के जाल में फंस रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में औसतन 35 किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं, जो कृषि संकट की गंभीरता को दर्शाता है।
MSP और बीमा पर उठाए सवाल
उन्होंने सभी फसलों की MSP (C2+50%) पर कानूनी गारंटी की मांग की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को “किसानों के साथ मजाक” बताते हुए कहा कि दावे लंबित रहते हैं। मुआवजा बेहद कम मिलता है। पारदर्शिता की कमी है।
जमीनी स्तर पर महिलाओं को लाभ नहीं
डॉ. सुनीलम ने कहा कि महिला आरक्षण कानून लागू होने के बावजूद जमीनी स्तर पर लाभ नहीं दिख रहा। जाति जनगणना न कराकर सरकार पिछड़ों और वंचितों को अधिकार से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के वादे “क्रूर मजाक” बन गए हैं।शिक्षा और कल्याण योजनाएं जैसे लैपटॉप, यूनिफॉर्म आदि जमीन पर अधूरी हैं।
सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर उठाए
डॉ. सुनीलम ने “जीरो टॉलरेंस” नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ रहे हैं।आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। इंफ्रास्ट्रक्चर के दावों पर भी प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गड्ढामुक्त सड़कें, औद्योगिक विकास और एक्सप्रेसवे के दावे अधूरे या विफल साबित हुए हैं। इस दौरान विधायक विधायक हाजी फईम आदि मौजूद थे।
