बरेली : शहर की इज्जतनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में पुलिस टीम पीलीभीत रोड पर संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पचौरी पेट्रोल पंप से करीब 250 मीटर पहले तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
92.224 किलो गांजा बरामद, 18 पैकेट में था छुपाया
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 3 प्लास्टिक के कट्टों में रखे कुल 18 पैकेट बरामद किए। जिनमें कुल 92.224 किलोग्राम गांजा था। यह गांजा प्लास्टिक टेपिंग करके छुपाया गया था ताकि आसानी से पकड़ में न आए। साथ ही एक ट्रक कंटेनर और एक ई-रिक्शा भी जब्त किया गया है।
उड़ीसा से बरेली तक फैला था तस्करी का नेटवर्क
पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा उड़ीसा के कटक से लाया जाता था। आरोपी शाकिर, जो ट्रक ड्राइवर है, अपने साथियों अमजद और सलमान के साथ मिलकर इस नेटवर्क में काम करता था। कंटेनर के जरिए गांजा लाकर बरेली और आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता था। पुलिस को कई अन्य सप्लायर और खरीदारों के नाम भी पता चले हैं, जिनकी तलाश जारी है।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस मामले में थाना इज्जतनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
