बदायूं/बरेली : यूपी के बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया। 16 अप्रैल की रात मोनार्क फार्म हाउस में परिवार के साथ आया 1 साल का बच्चा सो रहा था। इसी दौरान एक महिला चुपचाप बच्चे को उठाकर वहां से निकल गई। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
CCTV और सर्विलांस से खुला पूरा राज
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से एक संदिग्ध डिजायर कार का पता चला, जो घटना के समय फार्म हाउस के बाहर मौजूद थी। इसी सुराग के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और पूरे अपहरण का खुलासा हो गया।
70 हजार में सौदा, अलग-अलग जिलों से जुड़े आरोपी
जांच में सामने आया कि बच्चे को 70 हजार रुपये में बेचने की योजना बनाई गई थी। इसमें 20 हजार रुपये एडवांस भी लिया जा चुका था। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में खुशबू और मुनेश बुलंदशहर के निवासी हैं, जबकि दिनेश, बबली और पूजा आगरा के रहने वाले हैं। सभी आरोपी मिलकर इस पूरी साजिश में शामिल थे।
मासूम सकुशल बरामद, पुलिस टीम को इनाम
पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।घटना में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
