बरेली : जिले में बढ़ती गर्मी के साथ आग की घटनाएं भी तेज हो गई हैं।शनिवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी। एक ओर हाफिजगंज इलाके में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने किसानों की मेहनत को राख कर दिया, तो वहीं दूसरी ओर फतेहगंज पश्चिमी में हाईवे पर चलती कार में आग लग गई।
खेतों में आग का तांडव, 60 बीघा फसल राख
हाफिजगंज क्षेत्र में 132 केवीए विद्युत केंद्र के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने खेतों में भीषण आग लगा दी। तेज हवा के चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और करीब।60 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। इस हादसे में किसान सद्दाम, चरन सिंह और गंगाशील को भारी नुकसान हुआ है।ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई।प्रभावित किसानों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजे की मांग की है।
हाईवे पर चलती कार बनी आग का गोला
दूसरी घटना फतेहगंज पश्चिमी इलाके में सामने आई, जहां नेशनल हाईवे पर चल रही एक कार में अचानक आग लग गई। संभल के सिरसी निवासी नदीम असगर अपनी पत्नी और एक साल के बच्चे के साथ शादी समारोह में जा रहे थे।पिपरिया मोड़ के पास कार से धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत गाड़ी रोकी और परिवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। मौके पर पहुंचे लोगों और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई, लेकिन तब तक कार जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रशासन अलर्ट, जांच जारी
पुलिस और दमकल विभाग ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।प्राथमिक तौर पर खेतों में आग का कारण हाईटेंशन लाइन की चिंगारी, जबकि कार में आग का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गर्मी के मौसम में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बिजली लाइनों के आसपास सतर्क रहें। वाहन में किसी भी तकनीकी खराबी को नजरअंदाज न करें। आग लगने की स्थिति में तुरंत सूचना दें।
