डेलापीर मंडी में किया औचक निरीक्षण, समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश
बरेली : यूपी के बरेली में गेहूं खरीद को लेकर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। डीएम अविनाश सिंह ने गुरुवार को डेलापीर स्थित नवीन मंडी स्थल पर गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के लिए बुनियादी सुविधाओं बैठने के लिए बेंच, गुड़ -चना, स्वच्छ पेयजल और छाया की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि किसानों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
अव्यवस्थाओं को लेकर फटकार

डीएम ने केंद्र पर मौजूद नमी मापक यंत्र, तिरपाल और बारदाने की उपलब्धता भी परखी और अधिकारियों को इनकी पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने को कहा।उन्होंने निर्देश दिया कि नमी के आधार पर किसानों का गेहूं अनावश्यक रूप से खारिज न किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिचौलियों की भूमिका पर सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने दिए पुख्ता इंतजाम के निर्देश

डीएम ने बताया कि इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जबकि तौल और सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और भुगतान व्यवस्था की भी जानकारी ली। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मोबाइल क्रय केंद्रों का लाभ विशेष रूप से बीमार, बुजुर्ग और अशक्त किसानों तक पहुंचे। वर्तमान में जनपद में 120 गेहूं क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इस दौरान एडीएम संतोष कुमार सिंह, मंडी सचिव समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
