हापुड़ : उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर खड़ी महिलाओं को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में हाईवे-334 पर गुरुवार को यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि कार डिवाइडर पर चढ़ गई और वहां बस का इंतजार कर रही महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया।
यह घटना गांव मुर्शदपुर के पास यादव ढाबे के सामने हुई, जहां रोज की तरह कुछ महिलाएं बस का इंतजार कर रही थीं। तभी अचानक आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। हादसे में बृजनाथपुर निवासी 52 वर्षीय सितारा और 60 वर्षीय सरोज शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गांव की ही शारदा, पत्नी लेखराम, गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस हादसे में रूबी पत्नी पवन और उसका छह वर्षीय पुत्र लविश भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया, जबकि मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी सूचना दे दी है, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां सख्त निगरानी और सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
