हेलमेट पहनकर निकलीं महिला टीचर्स, सड़क सुरक्षा और सशक्तिकरण का दिया मजबूत संदेश
बरेली : यूपी के बरेली में नारी शक्ति का अनोखा और प्रेरणादायक रूप देखने को मिला, जब सैकड़ों महिला शिक्षिकाएं स्कूटी लेकर सड़कों पर उतरीं। नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत आयोजित इस रैली की शुरुआत सुबह करीब साढ़े नौ बजे स्पोर्ट्स स्टेडियम से हुई। नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों की महिला शिक्षिकाएं हेलमेट पहनकर अनुशासित तरीके से रैली में शामिल हुईं, जो महिला सशक्तिकरण और जिम्मेदारी का प्रतीक बनीं।
सड़क सुरक्षा का संदेश
रैली के दौरान शिक्षिकाओं ने हाथों में स्लोगन तख्तियां लेकर समाज को जागरूक किया और सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संदेश दिया। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और महिलाओं की भागीदारी की सराहना की।
शहर के लोगों को किया जागरूक
यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई वीरांगना चौक पर जाकर संपन्न हुई, जहां प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि आज की नारी न केवल आत्मनिर्भर है, बल्कि समाज में जागरूकता और बदलाव लाने में भी अग्रणी भूमिका निभा रही है।
