बरेली : शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। आरोपी अफसर उर्फ साहिल ने युवती को गांधी उद्यान के पास बुलाकर उससे जबरन दोस्ती करने का दबाव बनाया और मना करने पर बदसलूकी की। इस मामले में तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई शुरू की और चेकिंग के दौरान सूचना पर आरोपी को रेलवे जंक्शन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया।
तमंचा क्यों रखा था आरोपी ने?
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह युवती से एकतरफा प्रेम करता था और लगातार कॉल-मैसेज कर उसे दोस्त बनाना चाहता था। जब युवती नहीं मानी तो उसने जबरदस्ती करने की कोशिश की। पकड़े जाने के डर से उसने अपनी सुरक्षा के लिए एक साथी से तमंचा मंगवाकर अपने पास रखा था।
दर्ज मुकदमे और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा रहा है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
