बरेली/बदायूं : यूपी के बरेली और बदायूं में बुधवार को हुए दो अलग -अलग दर्दनाक सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।एक हादसे में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बेटे के सामने उसकी मां को रौंद दिया, जबकि दूसरे हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से जनसेवा केंद्र संचालक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं।
बेटे के सामने मां को ट्रैक्टर ने रौंदा

पहला हादसा बदायूं जिले के थाना बिसौली क्षेत्र में हुआ। गांव बिजौली निवासी 62 वर्षीय रामवती अपने बेटे अमित के साथ बाइक से समसपुर गांव जा रही थीं। बताया गया है कि वे अपनी ननिहाल में बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे, जैसे ही वे रवि कपूर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अमित बाल-बाल बच गए, लेकिन रामवती ट्रैक्टर के नीचे आ गईं और उनके ऊपर पहिया चढ़ जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जनसेवा केंद्र संचालक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत
दूसरा हादसा बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के मासिहाबाद गांव में हुआ, जहां 36 वर्षीय अंतराज सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, अंतराज सिंह बुधवार शाम किसी काम से वीरेंद्र की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अंतराज सिंह जनसेवा केंद्र संचालित कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन के बाद पत्नी विमला देवी और तीन छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानें क्या बोलीं पुलिस
दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि “आरोपी वाहन चालकों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे और स्थानीय लोगों की मदद से जांच की जा रही है।”
