बरेली : शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। नगर आयुक्त संजीव मौर्य के निर्देश पर प्रवर्तन टीम ने मिनी बाइपास और किला क्षेत्र में बुलडोजर के साथ कार्रवाई करते हुए सड़क और फुटपाथ से अवैध कब्जे हटाए। इस दौरान टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 70,000 रुपये का जुर्माना भी वसूला।
मिनी बाइपास पर रेता-बजरी जब्त
अभियान की शुरुआत मिनी बाइपास रोड से हुई, जहां सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई पांच ट्रॉली रेता और बजरी को जब्त कर लिया गया। नगर निगम की इस अचानक कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई कब्जेदार अपना सामान समेटते नजर आए।
किला क्षेत्र में फुटपाथ से हटाया अतिक्रमण
इसके बाद टीम किला क्षेत्र पहुंची, जहां फुटपाथ पर दुकानें सजाकर बैठे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने सामान जब्त करते हुए अतिक्रमण हटाया। इस दौरान कुछ जगहों पर कब्जेदारों ने विरोध और नोकझोंक भी की, लेकिन प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाते हुए अभियान जारी रखा।
अवैध कब्जेदारों में हड़कंप
नगर निगम की औचक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।अचानक पहुंचे बुलडोजर और टीम को देखकर कई लोग मौके से भागते दिखे, जबकि कुछ ने विरोध कर कार्रवाई रुकवाने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने किसी की नहीं सुनी।
जाम से राहत के लिए सख्ती
अधिकारियों के अनुसार, शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को रोजाना जाम का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद ने साफ कहा कि “अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा”
नगर निगम की चेतावनी
नगर निगम ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क और फुटपाथ पर सामान न रखें। अन्यथा भविष्य में और सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जाएगा।
