गिरफ्तारी के वक्त निगली 42 ग्राम चांदी की चेन, दो दिन तक शौच न जाकर खेलता रहा दिमागी खेल, आखिरकार पुलिस की चालाकी के आगे हुआ पस्त
बरेली : यूपी के बरेली में एक शातिर चोर की हैरान कर देने वाली करतूत सामने आई है। यहां चोरी के सबूत को मिटाने के लिए आरोपी ने चांदी की चेन निगल ली, लेकिन तीन दिन तक पुलिस को छकाने के बाद आखिरकार पुलिस की रणनीति के आगे उसे हार माननी पड़ी और दवा के जरिए उसके पेट से चेन बरामद कर ली गई। यह मामला थाना बारादरी क्षेत्र का है। हजियापुर निवासी सिकंदर उर्फ छोटू ने अपने साथी मुकेश के साथ एक घर में छत के रास्ते घुसकर बुलेट बाइक और मालिक के हाथ से चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर लिया था। वारदात की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने यक्ष एप की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान ही निगल गया चेन

पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए सिकंदर ने गिरफ्तारी के दौरान ही 42 ग्राम वजनी चांदी की चेन निगल ली। पुलिस ने तत्काल उसे जिला अस्पताल ले जाकर एक्स-रे कराया, जिसमें पेट के अंदर चेन होने की पुष्टि हो गई। डॉक्टरों ने सलाह दी कि चेन को शौच के जरिए निकाला जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को थाने में रखकर दो दिन तक उसकी पसंद का खाना खिलाया और दो सिपाहियों को उसकी 24 घंटे निगरानी में लगाया गया।
दो दिन तक नहीं गया शौच, पुलिस को करता रहा परेशान
शातिर सिकंदर पुलिस की मंशा भांप चुका था। इसलिए वह लगातार दो दिन तक शौच करने ही नहीं गया, ताकि चेन बरामद न हो सके।आखिरकार पुलिस ने उसे जेल भेज दिया, जहां वह खुद को सुरक्षित मानने लगा।
पुलिस की नई रणनीति ने तोड़ी चालाकी
पुलिस ने हार नहीं मानी और कोर्ट व जेल प्रशासन को पूरी स्थिति से अवगत कराते हुए आरोपी को फिर से जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया। डॉक्टर की सलाह पर उसे पेट साफ करने की तरल दवा पूरी शीशी पिला दी गई। करीब आधे घंटे बाद ही आरोपी को शौच की इच्छा हुई।
अस्पताल की छत पर कराई गई बरामदगी
पुलिस आरोपी को अस्पताल की छत पर एकांत में ले गई, जहां खुले में शौच कराकर सफाईकर्मी की मदद से चांदी की चेन बरामद कर ली गई। बरामद चेन को साफ कर बारादरी थाने के मालखाने में सबूत के तौर पर जमा करा दिया गया है।इसके बाद आरोपी सिकंदर को दोबारा जेल भेज दिया गया।
क्या बोले अधिकारी?
सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया मीडिया को बताया कि कि“सिकंदर के पेट में छिपा ब्रेसलेट बरामद कर लिया गया है। उसके खिलाफ पहले से वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं। पुलिस उसे अधिकतम सजा दिलाने के लिए मजबूत पैरवी करेगी।”
