बरेली : यूपी के बरेली में तेज रफ्तार और लापरवाही भरे वाहन संचालन ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।देहात के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक दुकानदार और एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पुलिस ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।
दुकान बंद कर लौट रहे थे घर

पहली घटना बरेली देहात के थाना भुता क्षेत्र की है। यहां गांव डांडिया नवाजिया अली निवासी 50 वर्षीय गंगा प्रसाद की सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, वह भगवा बाजार स्थित अपनी परचूनी की दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भुता रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गंगा प्रसाद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जेब में मिले कागजातों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। गंगा प्रसाद अपने पीछे पत्नी उर्मिला देवी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं। वह परचूनी की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे।
बाइक की टक्कर से किसान की गई जान
दूसरी घटना देहात के बिशारतगंज थाना क्षेत्र की है। यहां ग्राम ब्राह्मनाथ निवासी 35 वर्षीय किसान देवदास की दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मौत हो गई। बताया गया कि 31 मार्च को देवदास अपनी ससुराल गहरा से घर लौट रहे थे।बलिया रोड पर तखतपुर गांव के पास सामने से आ रही बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पीएम को भेजा शव
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मृतक देवदास खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी रेखा और तीन छोटे बच्चे हैं। हादसे के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की जरूरत को उजागर कर दिया है।
