यक्ष ऐप से ट्रेस हुआ आरोपी, पुलिस की सूझबूझ से खुली पूरी कहानी
बरेली : शहर में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और आम लोगों को भी चौंका दिया। शहर के सुरेश शर्मा नगर निवासी अशोक कुमार के घर हुई चोरी के बाद पुलिस ने टेक्नोलॉजी और त्वरित कार्रवाई के जरिए आरोपियों को गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन गिरफ्तारी के दौरान आरोपी की हरकत ने पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया।
छत के रास्ते घुसे, बाइक और ब्रेसलेट लेकर फरार
पीड़ित के मुताबिक चोर पड़ोसी की छत से घर में दाखिल हुए और दरवाजा खोलकर अंदर घुस गए।उन्होंने घर से बुलेट मोटरसाइकिल और चांदी का ब्रेसलेट चोरी कर लिया। घटना के बाद थाना बारादरी में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
CCTV और ‘यक्ष ऐप’ से मिला सुराग
पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। ‘यक्ष ऐप’ की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि एक आरोपी हाजियापुर निवासी सिकंदर और दूसरा उसका साथी बिथरी का मुकेश कुमार है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया
गिरफ्तारी के वक्त चोर ने निगला ब्रेसलेट
गिरफ्तारी के दौरान सिकंदर के हाथ में चोरी किया गया ब्रेसलेट था।पुलिस को देखते ही उसने चालाकी दिखाते हुए ब्रेसलेट मुंह में डालकर पानी के साथ निगल लिया। यह देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
एक्सरे में पेट के अंदर मिला ब्रेसलेट
तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपी को जिला अस्पताल ले गई, जहां उसका एक्सरे कराया गया। एक्सरे रिपोर्ट में साफ हुआ कि ब्रेसलेट उसके पेट में मौजूद है। अब पुलिस ब्रेसलेट की रिकवरी के लिए आरोपी के पेट से उसके प्राकृतिक रूप से बाहर आने का इंतजार कर रही है।
ऑपरेशन की भी तैयारी, फिर भेजा जाएगा जेल
पुलिस का कहना है कि यदि ब्रेसलेट स्वाभाविक रूप से बाहर नहीं आता, तो मेडिकल प्रक्रिया के तहत ऑपरेशन कर उसे निकाला जाएगा।इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
क्यों खास है ये मामला?
टेक्नोलॉजी (यक्ष ऐप) से चोरों की पहचान की जाती है। गिरफ्तारी के वक्त आरोपी की हैरान करने वाली चाल भी पुलिस की सतर्कता से बच नहीं सका सबूत है। बरेली का यह मामला दिखाता है कि अपराधी कितनी भी चालाकी कर लें, कानून की पकड़ से बच पाना आसान नहीं है।
