महिला टिप्पणी पर विवाद, एबीवीपी का उग्र प्रदर्शन
बरेली : बरेली कॉलेज में बुधवार को एक कथित फेसबुक पोस्ट ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आलोक खरे के नाम से बनी फेसबुक आईडी से महिलाओं को लेकर अमर्यादित टिप्पणी सामने आने के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। इस पोस्ट के वायरल होते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के।कार्यकर्ता भड़क उठे और कॉलेज परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, यह फेसबुक फेक है, या सही, इसको लेकर सच्चाई सामने नहीं आई है।
पैदल मार्च से प्राचार्य कार्यालय तक घेराव
गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में पैदल मार्च निकाला और सीधे प्राचार्य प्रो. ओम प्रकाश राय के कार्यालय के बाहर पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणी से छात्राओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने तुरंत सख्त कार्रवाई की मांग की।
चीफ प्रॉक्टर से धक्का-मुक्की, हालात बिगड़े
प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता चीफ प्रॉक्टर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। जैसे ही प्रो. आलोक खरे वहां पहुंचे, आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया, और धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई है। इस दौरान छात्राओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और विरोध में शामिल हुईं। सुरक्षा कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रो. खरे को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राचार्य का बड़ा एक्शन, चीफ प्रॉक्टर हटे, टीम भंग
स्थिति को बिगड़ता देख प्राचार्य ने तत्काल प्रभाव से बड़ा फैसला लिया। प्रो. आलोक खरे को चीफ प्रॉक्टर पद से हटा दिया गया और पूरी प्रॉक्टोरियल टीम को भंग कर दिया गया। प्रशासन के इस कदम के बावजूद छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
दफ्तर पर ताला, चाबी सौंपी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के कार्यालय पर ताला जड़ दिया और उसकी चाबी प्राचार्य को सौंप दी। यह विरोध का प्रतीकात्मक कदम था, जिससे छात्रों का आक्रोश साफ झलक रहा था।
नेतृत्व में दिखी एकजुटता
इस पूरे आंदोलन का नेतृत्व एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री विकास गोला और महानगर मंत्री आनंद कठेरिया ने किया। दोनों नेताओं ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।
जांच की मांग, प्रशासन अलर्ट मोड में
छात्र संगठन का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि संबंधित फेसबुक आईडी असली है या फर्जी। फिलहाल कॉलेज प्रशासन स्थिति को सामान्य करने में जुटा है और परिसर में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
