बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खेत में दिव्यांग युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। थाना क्षेत्र के सेंधा-श्योराजपुर मार्ग के किनारे सिपट्टर सिंह के खेत में नलकूप के पास युवक का शव पड़ा मिला। इसको देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही भमौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
दोनों पैर से दिव्यांग, कई जगह चोट के निशान
प्राथमिक जांच में सामने आया कि मृतक युवक दोनों पैरों से दिव्यांग था, और उसके शरीर पर कई जगह चोटों के गंभीर निशान मौजूद थे।पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और पीट-पीटकर हत्या की गई और बाद में शव को खेत में लाकर फेंक दिया गया।
घटना के बाद भीड़ जमा, शिनाख्त में जुटी पुलिस
इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
यह बोले-इंस्पेक्टर
बरेली देहात के भमोरा थाना प्रभारी सनी चौधरी ने The Justice Hindi को बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकीं है। शरीर पर चोट के निशान हैं। फिलहाल इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है और लोग जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
