बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 05045/05046 लालकुआं- राजकोट साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन अवधि में विस्तार कर दिया है। अब यह ट्रेन अप्रैल के अंत तक अतिरिक्त फेरों के साथ चलेगी। रेलवे के अनुसार 05045 लालकुआं -राजकोट स्पेशल ट्रेन 5 अप्रैल से 26 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक रविवार को लालकुआं से चलाई जाएगी। वहीं वापसी में 05046 राजकोट-लालकुआं स्पेशल 6 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक प्रत्येक सोमवार को संचालित होगी। इस दौरान कुल 4-4 फेरे लगाए जाएंगे।
बरेली समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव

यह ट्रेन बरेली सिटी और बरेली जंक्शन सहित बदायूं, कासगंज, मथुरा, जयपुर, जोधपुर और अहमदाबाद रूट के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
जानें समय और रूट
लालकुआं से यह ट्रेन दोपहर 12:35 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6:10 बजे राजकोट पहुंचेगी। वापसी में राजकोट से रात 10:30 बजे चलकर तीसरे दिन सुबह 5:15 बजे लालकुआं पहुंचेगी।
20 कोच की होगी ट्रेन
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। जिनमें स्लीपर, एसी (द्वितीय व तृतीय श्रेणी) और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। इससे यात्रियों को उनकी सुविधा के अनुसार यात्रा का विकल्प मिलेगा।
यात्रियों को बड़ी सहूलियत
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, गर्मियों और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी का फायदा मिलेगा। रेलवे का यह फैसला यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा और लंबी दूरी की यात्रा को और आसान बनाएगा।
