वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित यूपी कॉलेज में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने पूरे शहर को दहला दिया। बीएससी के चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया और छात्रों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा।
घटना वाराणसी के प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज की है, जहां शुक्रवार को एक छात्र ने अपने ही साथी छात्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। मृतक की पहचान 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो बीएससी चौथे सेमेस्टर का छात्र था। बताया जा रहा है कि आरोपी भी कॉलेज का ही छात्र है और दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कॉलेज में क्लास चल रही थी। अचानक बम फटने जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे छात्र-छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। एक छात्र ने पुलिस को बताया कि जब वह क्लास से बाहर निकला तो उसने देखा कि आरोपी छात्र सूर्य प्रताप सिंह पर लगातार फायरिंग कर रहा था। जब उसने रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हथियार तान दिया, जिससे वह डरकर पीछे हट गया।हमले में सूर्य प्रताप सिंह को करीब आठ गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी छात्र उसे आनन-फानन में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने पूरे कॉलेज परिसर को दहशत और गुस्से में डाल दिया।
घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का आरोप है कि फायरिंग कॉलेज प्रशासन की मौजूदगी में हुई, यहां तक कि प्रिंसिपल के सामने भी गोलियां चलीं। गुस्साए छात्रों ने कॉलेज परिसर में तोड़फोड़ की, कुर्सी-मेजें तोड़ दीं और गेट पर जमकर हंगामा किया।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और कॉलेज परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने सभी छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और हालात को काबू में करने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस आरोपी छात्र की तलाश में जुटी है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कॉलेज प्रशासन और स्थानीय पुलिस लगातार छात्रों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े कॉलेज परिसर में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को गिरफ्तार कर पाती है और इस मामले में क्या नए खुलासे सामने आते हैं।
