बरेली : शहर में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सथरापुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को जल्द शुरू करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने सोमवार को अधिकारियों के साथ प्लांट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए इस प्लांट का समय पर संचालन शुरू होना बेहद जरूरी है।
एजेंसी ने मशीन लगाने के लिए मांगा दो सप्ताह का समय
निरीक्षण के दौरान प्लांट का संचालन करने वाली एजेंसी पथ्या के प्रतिनिधियों ने मशीनरी स्थापित करने के लिए नगर आयुक्त से दो सप्ताह का समय मांगा। एजेंसी का कहना है कि मशीनें स्थापित होते ही ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी तकनीकी खामी को दूर कर प्लांट का संचालन शुरू किया जा सके।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय और एक्सईएन राजीव कुमार राठी को निर्देश दिए कि वे काम की नियमित निगरानी करें,और तय समय सीमा के भीतर सभी तकनीकी बाधाओं को दूर कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम पहले ही दे चुके हैं जल्द शुरू करने के निर्देश
बताया जा रहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पिछले दौरों के दौरान इस प्लांट को जल्द शुरू करने के निर्देश दे चुके हैं। ऐसे में प्रशासन अब तेजी से काम पूरा कराने में जुटा है।
शहर को मिलेगा कूड़ा प्रबंधन का स्थायी समाधान
नगर आयुक्त ने बताया कि प्लांट के शुरू होने के बाद बरेली में कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो सकेगा। इससे शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा और स्वच्छता रैंकिंग में भी बेहतर परिणाम मिलने की उम्मीद है।
