बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में केंद्रीय कारागार टू (सेंट्रल जेल) की दीवार से लोहे के एंगल चोरी करने की कोशिश की गई। चोरों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर जेल स्टाफ की सतर्कता और थाना पुलिस की तत्परता से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह सनसनीखेज घटना शनिवार देर रात की है। बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में स्थित केंद्रीय कारागार टू के सर्वर रूम के सीसीटीवी कैमरे में दो युवकों की संदिग्ध गतिविधि नजर आई। ये दोनों जेल की बाहरी दीवार पर लगे लोहे के एंगल को काटने की कोशिश कर रहे थे।
कैमरे में कैद हुई वारदात, एक मौके पर पकड़ा गया
कैमरा फुटेज देखकर जेल में तैनात वार्डर मुकेश चंद्र और बिल्लू राणा तुरंत मौके पर पहुंचे और एक आरोपी जितेंद्र को पकड़ लिया। उसका साथी मौके से फरार हो गया। जितेंद्र को तुरंत बिथरी चैनपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूछताछ में साथी का नाम उगला, पुलिस ने दबोचा
पुलिस पूछताछ में जितेंद्र ने अपने साथी का नाम रंजीत बताया। दोनों आरोपी गांव नगीपुर (जो जेल के पीछे स्थित है) के निवासी हैं। इस इनपुट पर थाना प्रभारी अभिषेक सिंह की टीम ने रंजीत को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों पर पहले भी चोरी के केस दर्ज हैं।
पुलिस की जांच में खुलासा, जेल परिसर से चोरी की थी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि जितेंद्र और रंजीत जेल के आवासीय क्षेत्र में बने बाहरी हिस्से में दाखिल हुए थे। उनका इरादा लोहे के एंगल काटकर चोरी करने का था। कैमरे की निगरानी में होने के कारण उनकी हरकत रिकॉर्ड हो गई और तुरंत कार्रवाई की गई।
