संभल पुलिस का सनसनीखेज खुलासा
लखनऊ/ संभल :उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रजपुरा थाना पुलिस ने बीमा क्लेम के नाम पर दो लोगों की हत्या करने वाले अंतरजनपदीय अपराध गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह लोगों की बीमा पॉलिसी कराकर, उन्हें हादसे का रूप देकर मार डालता था और फिर लाखों रुपये का बीमा क्लेम हड़प लेता था। पुलिस ने इस बीमा ठगी और हत्या कांड में सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जो तीसरी हत्या की योजना भी बना रहे थे।
बीमा के नाम पर रिश्ते का कत्ल, फिर हादसा बनाकर क्लेम
एएसपी अनुकृति शर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस गिरोह ने बीमा पॉलिसी कराने के बाद दिल्ली निवासी अमन (20 वर्ष) और धनारी निवासी सलीम की सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या की थी। फिर उन्हें दुर्घटना दिखाते हुए पुलिस से फाइनल रिपोर्ट लगवा ली। पॉलिसीधारक की मौत के बाद बीमा कंपनियों से कुल 1 करोड़ से ज्यादा के क्लेम का भुगतान भी हो गया। गिरोह का संचालन वेदप्रकाश और कमल सिंह कर रहे थे, जिन्होंने अपने ही रिश्तेदारों को निशाना बनाया। अमन, जो वेदप्रकाश का भांजा था, उसकी हत्या की योजना रची गई थी। अमन के नाम चार बीमा पॉलिसियां करवाई गईं, जिनका प्रीमियम भी गिरोह ने खुद भरा।
अमन की हत्या हथौड़े से सिर पर वार, फिर हादसे की कहानी
15 नवंबर 2023 को अमरोहा जिले के रहरा थाना क्षेत्र में अमन की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले सिर पर हथौड़ा मारा, फिर शव को ऐसे रखा कि यह सड़क दुर्घटना लगे। पुलिस ने साक्ष्य के अभाव में मामले को दुर्घटना मानते हुए फाइनल रिपोर्ट लगा दी। बाद में अमन की सौतेली मां रूपाली के खाते में एक बीमा कंपनी से 22 लाख रुपये आए, जिन्हें सभी आरोपियों ने आपस में बांट लिया। करीब ढाई करोड़ रुपये अन्य पॉलिसियों से भी मिल सकते थे, यदि गिरोह पहले पकड़ा न जाता।
सलीम की हत्या, पहले मारा, फिर गाड़ी से कुचल दिया
गिरोह की दूसरी वारदात इससे पहले हुई थी। 29 जुलाई 2022 को धनारी निवासी सलीम को अमरोहा के रहरा क्षेत्र में बुलाकर पहले हथौड़े से सिर पर मारा, फिर उसे गाड़ी से कुचल दिया गया। इस घटना को भी दुर्घटना बताया गया और पुलिस ने इसमें भी फाइनल रिपोर्ट लगा दी। इसके बाद 78 लाख रुपये का बीमा क्लेम गिरोह ने हड़प लिया।
तीसरी हत्या की भी थी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे तीसरी हत्या की तैयारी कर रहे थे। इस बार भी किसी परिचित को निशाना बनाया जाना था। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से बीमा दस्तावेज, मोबाइल फोन, गाड़ी और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी
इस मामले में पुलिस ने वेदप्रकाश, कमल सिंह,रूपाली (अमन की सौतेली मां) और अन्य चार सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि “यह गिरोह बीमा कंपनियों को चूना लगाकर हत्या को हादसे का जामा पहनाता था। हम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी अन्य हत्या या साजिश का भी खुलासा हो सके।” — एएसपी अनुकृति शर्मा
