लखनऊ/ उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। जिले के अचलगंज के साहबखेड़ा गांव में एक घर के भीतर दंपती और उनकी दो मासूम बेटियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में महिला के सीने पर तकिया पाया गया है, जिससे मुंह दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है, जबकि घर के मुखिया का शव फंदे से लटका मिला है। पुलिस इसे हत्या और आत्महत्या के एंगल से जांच रही है।
घर में चार लाशें, चारपाई पर मां-बेटियां मृत, पिता का शव फंदे पर

घटना रविवार की रात की बताई जा रही है। मृतक अमित यादव (35 वर्ष) पुत्र उमेशचंद्र यादव खेती-किसानी से जीवन यापन करता था। वह अपनी पत्नी गीता (30 वर्ष), और दो बेटियों खुशी (10 वर्ष) और निधि (6 वर्ष) के साथ घर में मौजूद था। रविवार को परिवार के अन्य सदस्य रायबरेली के डलमऊ में एक शादी में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे, मृतक का छोटा भाई अजीत घर पहुंचा, लेकिन दरवाजा बंद मिला। उसी दौरान एक गल्ला व्यापारी, जो गेहूं खरीदने आया था, घर के बाहर पेड़ के नीचे आराम कर रहा था। उसने अमित के घर की खिड़की में लगे जाल (जिंगला) से झांकते हुए लाल गमछे और उसमें फंसे बाल देखे तो उसे शक हुआ। उसने अजीत को जानकारी दी, लेकिन दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। अजीत जब छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचा, तो नजारा देखकर चीख उठा। उसके भाई अमित का शव गमछे के फंदे से लटका था। वहीं, गीता और दोनों बेटियों के शव चारपाई पर पड़े थे। गीता के सीने पर तकिया रखा था, जिससे आशंका है कि तीनों की मुंह दबाकर हत्या की गई।
गांव में मातम, पुलिस और फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गांव में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मौके पर थानाध्यक्ष राजेश पाठक, एसपी दीपक भूकर, एएसपी अखिलेश सिंह और सीओ ऋषिकांत शुक्ला समेत फोरेंसिक टीम पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए। घर की तलाशी ली गई और मोबाइल फोन, बिस्तर, खून के निशान आदि की जांच की जा रही है।
हत्या या आत्महत्या? परिजन बोले—हमें न्याय चाहिए
मृतक के पिता उमेशचंद्र यादव ने गांव के ही दूसरे यादव परिवार पर पुराने मुकदमे की रंजिश में हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार पर पहले भी कई बार दबाव बनाया गया और धमकियां मिली थीं। उधर, पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। थानाध्यक्ष राजेश पाठक के अनुसार, “दंपती और उनकी दो बेटियों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारण स्पष्ट होंगे। सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।”
मामले की गंभीरता से जांच
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिवार की सामूहिक मौत ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है, चाहे वह हत्या हो, आत्महत्या या फिर घरेलू कलह।
