बरेली : फसलों का उचित मूल्य दिलाने और खेती से जुड़ी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बरेली में किसानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के मंडल अध्यक्ष रणवीर सिंह फौजी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
फसलों का सही दाम न मिलने से किसान परेशान
कलेक्ट्रेट पहुंचे किसानों का कहना था कि उन्हें अपनी फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, जिससे खेती करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। किसानों के मुताबिक बाजार में फसल की कीमत लागत के हिसाब से नहीं मिल रही है, जबकि खेती में इस्तेमाल होने वाली खाद, बीज और दवाइयों के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। किसानों का कहना है कि लागत बढ़ने के बावजूद फसल का दाम उसी अनुपात में नहीं बढ़ रहा, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सरकारी खरीद में देरी से बढ़ती परेशानी
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि कई जगहों पर सरकारी खरीद केंद्र समय पर शुरू नहीं होते। इसकी वजह से किसान मजबूरी में अपनी फसल बिचौलियों को औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर हो जाते हैं। किसानों का कहना है कि अगर सरकारी खरीद समय पर शुरू हो जाए और पारदर्शी तरीके से खरीद हो, तो किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिल सकता है।
आवारा पशुओं से फसलों को भारी नुकसान
प्रदर्शन में शामिल किसानों और महिलाओं ने आवारा पशुओं की समस्या को भी गंभीर बताया। उनका कहना है कि रात-दिन मेहनत से तैयार की गई फसल को आवारा पशु बर्बाद कर देते हैं। जिससे किसानों की पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। किसानों ने प्रशासन से मांग की कि आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था की जाए।
मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
किसानों ने प्रशासन को दिए ज्ञापन में मांग की कि फसलों का उचित समर्थन मूल्य सुनिश्चित किया जाए
सरकारी खरीद केंद्र समय पर शुरू किए जाएं। खेती की लागत कम करने के लिए खाद, बीज और दवाइयों पर नियंत्रण किया जाए।आवारा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
