अब घर बैठे करें गैस सिलेंडर बुकिंग, एजेंसी जाने की जरूरत नहीं, प्रशासन की एडवाइजरी
बरेली : मिडिल ईस्ट में जंग के बीच पेट्रो पदार्थों की कमी होने लगी है।मगर, इस बीच बरेली में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है, और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। आम जनता को किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। इस संबंध में बुधवार सुबह 10 बजे डीएम ऑफिस में बैठक आयोजित की गई। इसमें तीनों प्रमुख ऑयल कंपनियों IOC, BPC और HPC के अधिकारी तथा आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा की गई।
कम्पनी अफसर बोले – LPG और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक
बैठक के दौरान ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने डीएम को बताया कि जनपद बरेली में एलपीजी गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि भारत सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की रिफिल अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, ताकि उपभोक्ताओं को अधिक सुविधा मिल सके। इसके साथ ही कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए ओटीपी आधारित गैस वितरण प्रणाली लागू की गई है। जिससे सिलेंडर वितरण में पारदर्शिता बनी रहे।
कालाबाजारी रोकने को सख्त निर्देश
बैठक में यह भी बताया गया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 मार्च, 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए हैं कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। डीएम ने इन निर्देशों के अनुपालन में अधिकारियों को आदेश दिए कि गैस एजेंसियों के दैनिक स्टॉक की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। क्षेत्र में भ्रमण कर वितरण व्यवस्था की जांच की जाए। कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाए
अफवाहों से सावधान रहने की अपील
डीएम ने जनपद के लोगों से अपील करते हुए कहा कि बरेली में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से स्टॉक जमा करने से बचें।
अब मिस्ड कॉल और व्हाट्सएप से भी होगी गैस बुकिंग
एलपीजी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने जनहित में एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि गैस सिलेंडर रिफिल बुक कराने के लिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या गोदाम पर जाने की आवश्यकता नहीं है। उपभोक्ता घर बैठे ही फोन कॉल, मिस्ड कॉल, व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए आसानी से गैस सिलेंडर बुक कर सकते हैं।एडवाइजरी के मुताबिक भारत गैस, इंडेन गैस और एचपी गैस के लिए अलग-अलग IVRS नंबर, मिस्ड कॉल नंबर और व्हाट्सएप नंबर जारी किए गए हैं। जिन पर कॉल या मैसेज कर बुकिंग की जा सकती है। इसके अलावा Bharatgas Hello BPCL, IndianOil ONE और HP PAY मोबाइल ऐप के जरिए भी सिलेंडर बुक किया जा सकता है।
गैस एजेंसी जाने की जरूरत खत्म
प्रशासन ने यह भी बताया कि Paytm, Amazon, Google Pay और PhonePe जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तथा संबंधित कंपनियों की वेबसाइट के माध्यम से भी गैस बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि अनावश्यक भीड़ से बचें और अधिकतर मामलों में घर बैठे डिजिटल माध्यमों से ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एडीएम सिटी सौरभ दुबे,एसडीएम (न्यायिक) देश दीपक सिंह, एसडीएम तृप्ति, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह, आईओसी के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक हिमांशु शर्मा, मुकेश कुमार, हर्षित आर्या, स्वानिल सूर्यवंशी, रितेष जैन, एचपीसी के सुशील कुमार वर्मा, बीपीसी के कार्तिक कुमार, नितिन बिंदल तथा आपूर्ति विभाग के आशीष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस और ईंधन की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया जाएगा।
