शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां अल्हागंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह बरेली–फर्रुखाबाद हाईवे पर रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह करीब सात बजे शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र में बरेली–फर्रुखाबाद हाईवे पर सुगसुगी मोड़ से पहले हुआ। बताया जा रहा है कि बरेली डिपो की एक रोडवेज बस और सामने से आ रही कार के बीच आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे के समय कार में पांच लोग सवार थे। टक्कर लगते ही कार में बैठे तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अरुण, 32 वर्षीय ऋषभ और 30 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। तीनों युवक लखीमपुर खीरी जिले के थाना मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मुड़ा खालसा अमीन नगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
वहीं कार में सवार दो अन्य युवक अनिल और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। ये दोनों भी लखीमपुर खीरी जिले के थाना हैदराबाद क्षेत्र के मूड़ा भाई छतौनिया गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद के अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिसके कारण सामने से आ रहे वाहनों को देख पाना मुश्किल हो रहा था। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कोहरे के कारण ही यह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी बाधित हो गया। सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त कार और बस के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।
इस मामले में थाना प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तीन लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
