मेजर जनरल आईएस गिल ने किया उद्घाटन, चार आधुनिक सुविधाएं छात्रों को समर्पित
बरेली : शहर के कैंट क्षेत्र स्थित आरएन टैगोर इंटर कॉलेज में शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र से पहले शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी पहल की गई। मेजर जनरल आईएस गिल ने कॉलेज परिसर में कलाकृति स्टूडियो, नवचेतना लाइब्रेरी, एआई एंड रोबोटिक्स लैब और एआई ड्रोन लैब का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में कैंट बोर्ड की सीईओ डॉ. तनु जैन समेत कई सैन्य व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही कॉलेज को हाईटेक पहचान मिल गई।

तकनीक से जुड़ेगा भविष्य
मुख्य अतिथि मेजर जनरल गिल ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य उन्हीं विद्यार्थियों का है, जो नई तकनीक को अपनाएंगे। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI),रोबोटिक्स और ड्रोन टेक्नोलॉजी आने वाले समय में शिक्षा, रक्षा, उद्योग और स्टार्टअप के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाएंगी। ऐसे में छात्रों को स्कूल स्तर पर ही इन तकनीकों से परिचित कराना सराहनीय पहल है। सीईओ डॉ. तनु जैन ने बताया कि कलाकृति स्टूडियो छात्रों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देगा। नवचेतना लाइब्रेरी आधुनिक और शांत अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएगी। एआई एंड रोबोटिक्स लैब में छात्र कोडिंग और रोबोट निर्माण सीखेंगे। एआई ड्रोन लैब के माध्यम से ड्रोन तकनीक का प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सैन्य अनुशासन और आधुनिक शिक्षा का संगम
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर गगनदीप सिंह (YSM), डॉ. वैभव जायसवाल सहित कई अधिकारी, शिक्षक और अभिभावक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सैन्य अनुशासन और आधुनिक शिक्षा का यह मेल छात्रों को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाएगा। कॉलेज प्रशासन का मानना है कि इन सुविधाओं से छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीकी शिक्षा, स्टार्टअप और रक्षा सेवाओं में बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे। छात्रों ने भी उत्साह जताते हुए कहा कि अब वे रोबोट बनाना और ड्रोन उड़ाना सीख सकेंगे।
