बरेली : शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ा एक्श न लिया है। थाना बारादरी पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में शामिल शातिर गैंग के आठ आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
हत्या, लूट और गैंग अपराध पर फोकस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह गैंग जनपद स्तर पर पंजीकृत था और हत्या जैसी गंभीर वारदातों में सक्रिय था। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम दिया। इससे पहले भी गैंग के सदस्य अलग-अलग आपराधिक घटनाओं में संलिप्त पाए गए थे।
भीड़भाड़ वाले इलाके में की गई थी दिनदहाड़े हत्या
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सितंबर 2025 में शहर के एक भीड़भाड़ वाले इलाके ईसाइयों की पुलिया के पास गौरव गोस्वामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पहले ही हत्या समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया जा चुका था। विवेचना के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि घटना एक संगठित गैंग द्वारा की गई थी।
8 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा
जांच के बाद थाना बारादरी में गैंग डी-275/25 से जुड़े कुल आठ आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गैंगस्टर एक्ट की यह कार्रवाई अपराधियों की कमर तोड़ने में अहम साबित होगी।
इन 8 आरोपियों पर दर्ज हुआ गैंगस्टर एक्ट
गैंग लीडर निशांत सोनकर उर्फ बिहारीलाल के अलावा चंदन, अभय, राजा उर्फ कपिल, समीर, रोशन, नैतिक सोनकर और अनस उर्फ मुलायम शामिल हैं। सभी आरोपी थाना बारादरी क्षेत्र के खुर्रम गौटिया इलाके के निवासी बताए गए हैं।
संपत्ति जब्ती की भी तैयारी
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों की पहचान की जा रही है। विवेचना पूरी होने के बाद गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस का दावा: अपराध नियंत्रण में मिलेगी मजबूती
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से बरेली में अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और संगठित अपराध में शामिल अन्य अपराधियों को भी कड़ा संदेश जाएगा। पुलिस ने साफ किया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
