बरेली : बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार सहनी ने परिक्षेत्रीय कार्यालय बरेली में समीक्षा बैठक कर कानून -व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति का जायजा लिया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बरेली अनुराग आर्य, बदायूं तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) पीलीभीत और शाहजहांपुर मौजूद रहे। बैठक में मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं के अनुरूप हत्या, लूट, डकैती, दहेज हत्या, पॉक्सो, अपहरण, गोकशी, धर्मांतरण और साम्प्रदायिक मामलों में की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इसके साथ ही माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, एसआर केस,निरोधात्मक कार्रवाई और विभागीय जांचों की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

अपराधियों पर कसेगा शिकंजा
ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन त्रिनेत्र, मिशन शक्ति फेज-5.0, साइबर हेल्प डेस्क, आईजीआरएस व मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए होलिका दहन स्थलों का सत्यापन, विवादित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, पीस कमेटी बैठक, जुलूस मार्गों का निरीक्षण, अग्निशमन व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों में पैट्रोलिंग के निर्देश दिए गए।

अवैध शराब पर सख्ती
उन्होंने कहा कि अवैध व जहरीली शराब पर रोक के लिए आबकारी विभाग से समन्वय के भी आदेश दिए गए। इसके अलावा आगामी उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष व शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर जोर दिया गया।
