बरेली: शहर में होली, रमजान और ईद के त्योहारों को शांति और भाईचारे के साथ मनाने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी को लेकर जीआईसी ऑडिटोरियम में जिलास्तरीय पीस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में साफ कहा गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह से माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन और पुलिस एक साथ
बैठक में डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार शांतिपूर्वक हों, इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आए पीस कमेटी के सदस्यों ने अपने इलाकों की समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

होलिका सुरक्षा समिति बनेगी
एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए कि सभी जगह होलिका सुरक्षा समिति बनाई जाए, जिसमें स्थानीय लोग शामिल हों। ये समिति समय से पहले होलिका जलाने या उसमें लोगों का सामान डालकर माहौल बिगाड़ने वालों पर नजर रखेगी। एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखी जा रही है। गलत, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
संवेदनशील इलाकों में खास इंतजाम
ग्राम प्रधान चुनाव के चलते इस बार होली को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिन इलाकों में होलिका को संवेदनशील माना गया है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं अवैध या कच्ची शराब की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
डीएम ने की अपील
डीएम अविनाश सिंह ने हाल में बच्चों के पानी में डूबने की घटनाओं का जिक्र करते हुए अभिभावकों से बच्चों पर खास ध्यान रखने को कहा। उन्होंने बताया कि जिन लोगों पर कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, उन पर त्योहारों के दौरान कड़ी नजर रखी जाएगी।
आपसी समझ और संयम की जरूरत
प्रशासन ने लोगों से अपील की कि रंग वही खेलें जो सुरक्षित हों, किसी पर जबरदस्ती रंग न डालें। अगर गलती से रंग पड़ जाए तो उसे गलत न समझें और शांति बनाए रखें। बैठक में नगर आयुक्त, एडीएम, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य और शहर के सम्मानित लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहेगी।
