लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों सिंगापुर के दौरे पर हैं। दौरे के पहले ही दिन सोमवार को उन्होंने विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देना, औद्योगिक सहयोग को मजबूती देना और दीर्घकालिक साझेदारी की संभावनाओं को विस्तार देना रहा। मुख्यमंत्री ने निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश की बदलती औद्योगिक छवि, बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल नीतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब देश के सबसे बड़े और सुरक्षित निवेश गंतव्यों में तेजी से उभर रहा है।
टेमासेक के चेयरमैन से मुलाकात, यूपी में निवेश को लेकर दिखाई उत्सुकता
सीएम योगी ने सिंगापुर की अग्रणी वैश्विक निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से भी मुलाकात की। इस दौरान टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने टेमासेक को उत्तर प्रदेश में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाएं, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास और अन्य संबंधित क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। टेमासेक के चेयरमैन ने उत्तर प्रदेश में निवेश को लेकर सकारात्मक रुख दिखाते हुए राज्य की तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था और बड़े बाजार की सराहना की।
स्वास्थ्य, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर और कौशल विकास में नए निवेश के संकेत
बैठक के दौरान यह जानकारी भी साझा की गई कि टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। वहीं, Ascendas की ओर से राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास के लिए करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश की योजना है। इन निवेशों से उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य और औद्योगिक अवसंरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बैठक में डेटा सेंटर, कौशल विकास और भविष्य उन्मुख सेक्टर्स में सहयोग की संभावनाओं पर भी सहमति बनी। यह पहल रोजगार सृजन, तकनीकी विकास और राज्य को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
