मेरठ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली–गाजियाबाद–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के शेष हिस्से और मेरठ मेट्रो का औपचारिक उद्घाटन कर दिया। इसके साथ ही 82.15 किलोमीटर लंबा पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर जनता के लिए शुरू हो गया है। इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा न सिर्फ तेज़, बल्कि सुरक्षित और सुविधाजनक हो गई है। करीब 70 किलोमीटर एलिवेटेड और 12 किलोमीटर भूमिगत हिस्से वाले इस कॉरिडोर को लगभग 30,274 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। यह परियोजना NCR क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव मानी जा रही है।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो से बदलेगी NCR की तस्वीर
नमो भारत रैपिड रेल और मेरठ मेट्रो के संचालन से दिल्ली से मेरठ का सफर अब लगभग 45–50 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे रोज़ाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह परियोजना केवल ट्रांसपोर्ट का साधन नहीं, बल्कि विकास की रफ्तार को नई दिशा देने वाला इंजन है। व्यापार, शिक्षा, रोजगार और निवेश के नए अवसर खुलेंगे। मेरठ और आसपास के शहर NCR से और मजबूती से जुड़ेंगे।
“कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है” : पीएम मोदी का तीखा हमला
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस अब देश के लिए बोझ बन चुकी है। उन्होंने कहा कि महिला सांसदों को आगे कर सीट पर कब्जा करके प्रधानमंत्री बनने का सपना देखा जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि “क्या आप इतने खोखले हो गए हैं कि माताओं-बहनों को ढाल बनाकर राजनीति कर रहे हैं?” उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली में हालिया घटना के बाद कांग्रेस के सहयोगी दलों ने भी कांग्रेस की आलोचना करने की हिम्मत दिखाई, जिसके लिए वे उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करते हैं।
AI Global Summit पर कांग्रेस की राजनीति पर पीएम का प्रहार
प्रधानमंत्री मोदी ने AI Global Summit को लेकर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि यह कोई भाजपा का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि देश के सम्मान का आयोजन था। दुनिया के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत आए थे, लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। पीएम ने कहा कि “आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन इतनी पुरानी पार्टी के नेता शर्मिंदा होने के बजाय बेशर्मी से व्यवहार कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसका इकोसिस्टम भारत के वैश्विक आयोजनों को गंदी राजनीति का अखाड़ा बना रहा है।
चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न और किसानों की बात
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में किसानों और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का भी ज़िक्र किया। उन्होंने कहा कि यह उनकी सरकार का सौभाग्य है कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया गया। पीएम मोदी ने बताया कि मेरठ, हापुड़ और पश्चिमी यूपी ने चौधरी चरण सिंह के विजन को नज़दीक से देखा है। डबल इंजन सरकार उसी विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 95 हजार करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
