दिल्ली: आदर्श नगर थाना क्षेत्र के मजलिस पार्क इलाके में आज सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।
आग बुझाते समय सिलेंडर में जोरदार धमाका
दमकल कर्मी जब आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे थे, तभी मकान के अंदर रखा एक गैस सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आसपास मौजूद पुलिसकर्मी और दमकलकर्मी मलबे की चपेट में आ गए। आग और धमाके की वजह से बचाव कार्य कुछ समय के लिए और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया।
14 लोग घायल, पुलिस और दमकलकर्मी भी शामिल
उत्तर-पश्चिम जिला अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आग सुबह करीब 9 बजे सी-ब्लॉक में लगी थी। सिलेंडर विस्फोट और आग की चपेट में आने से कुल 14 लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन पुलिसकर्मी और तीन दमकलकर्मी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
आग पर काबू, कारणों की जांच शुरू
दमकल विभाग के अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास के मकानों तक फैलने से रोक ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि सिलेंडर धमाके ने सुरक्षा व्यवस्थाओं और घरेलू गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग यह पता लगाने में जुटे हैं कि सिलेंडर में विस्फोट कैसे हुआ और क्या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ था।
