बरेली : यूपी के बरेली देहात के फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों के खिलाफ शनिवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। डीएम अविनाश सिंह और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी कर तीन केंद्रों की जांच की। कार्रवाई के दौरान दो सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। यह कार्रवाई पीसीपीएनडीटी (Pre- Conception and Pre-Natal Diagnostic Techniques) Act के तहत की गई। जिसके तहत बिना पंजीकरण या नियमों के उल्लंघन पर कड़ी सजा का प्रावधान है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने The justice HINDI को बताया कि दो अल्ट्रासाउंड सेंटर पर सील की कार्रवाई की गई है। इस मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ लईक को अधिक जानकारी होगी।
बिना पंजीकरण चल रहा था “मर्सी अल्ट्रासाउंड”
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले “मर्सी अल्ट्रासाउंड” पर छापा मारा। जांच में वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए। टीम ने नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए सेंटर को मौके पर ही सील कर दिया। स्थानीय स्तर पर चर्चा रही कि केंद्र लंबे समय से संचालित हो रहा था, लेकिन औपचारिक दस्तावेज पूरे नहीं थे।
पंजीकृत स्थान से अलग चल रहा था “सहारा अल्ट्रासाउंड”
इसके बाद टीम सहारा अल्ट्रासाउंड पहुंची। जांच में पाया गया कि यह सेंटर अपने पंजीकृत पते से अलग स्थान पर संचालित किया जा रहा था, जो सीधे तौर पर नियमों का उल्लंघन है। अधिकारियों ने इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
“एल्फा अल्ट्रासाउंड” बंद मिला, मुकदमा दर्ज की कवायद
तीसरे केंद्र “एल्फा अल्ट्रासाउंड” पर टीम पहुंची तो सेंटर बंद मिला।जानकारी के अनुसार, निरीक्षण की सूचना मिलते ही संचालक मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने पर संबंधित केंद्र के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।बताया गया कि संबंधित चिकित्सक द्वारा पूर्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अपना नाम केंद्र से हटाने का आवेदन भी दिया गया था।
अधिकारियों का सख्त संदेश
नोडल पीसीपीएनडीटी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने मीडिया से स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध रूप से संचालित किसी भी अल्ट्रासाउंड सेंटर को बख्शा नहीं जाएगा। जिन केंद्रों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
