मृतक : राम फेर की फाइल फोटो
बरेली : यूपी के बरेली शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित बभिया गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग रामफेर की जंगली सांड के हमले में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम छा गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
अचानक किया हमला, गंभीर रूप से हुए घायल
परिजनों के अनुसार रामफेर रोजाना की तरह सुबह टहलने निकले थे।।मगर, गांव से कुछ दूरी पर अचानक एक जंगली सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों से उठाकर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाकर सांड को भगाया और परिजनों को सूचना दी। आनन -फानन में परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में रामफेर को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा शव, जांच शुरू
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी कर चुका था हमला, ग्रामीणों ने जताई नाराज़गी
मृतक के भतीजे ने आरोप लगाया कि यह जंगली सांड पहले भी कई।ग्रामीणों पर हमला कर चुका है।इसके बावजूद ग्राम प्रधान और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।ग्रामीणों का कहना है कि गांव और आसपास के इलाकों में आवारा और जंगली पशुओं का आतंक लगातार बढ़ रहा है। कई लोग पहले भी घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
अविवाहित थे रामफेर, खेती-बाड़ी से चलाते थे जीवन
परिजनों के मुताबिक रामफेर अविवाहित थे और खेती-बाड़ी कर अपना जीवन यापन करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ग्रामीणों की मांग, सांड को पकड़ा जाए, सुरक्षा के इंतज़ाम हों
गांव में घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली सांड को तत्काल पकड़ा जाए और आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
