बाराबंकी : आज दिनदहाड़े बाराबंकी जिले में एक दर्दनाक वारदात हुई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बाहुबली मुख्तार अंसारी के करीबी अधिवक्ता और ‘शार्प शूटर’ के रूप में चर्चित शोएब किडवाई उर्फ बॉबी को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित असेनी मोड़ के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून दिया।
सूत्रों के मुताबिक हमला सरेराह हुआ। हमलावरों ने हाईवे पर जा रही स्विफ्ट कार को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। करीब 15 राउंड गोलियों की आवाज से लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि अधिवक्ता शोएब किडवाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका शव खून से लथपथ मिला। हमलावरों ने घटनास्थल से कम से कम पांच खोखे बरामद किए गए हैं। इस घटना ने इलाके में भारी सनसनी मचा दी और हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया।
नगर कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर बारीकी से जांच शुरू कर दी है। पुलिस हर पहलू की तफ्तीश कर रही है और पुरानी रंजिश या गैंगवार की संभावनाओं पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस महकमे के आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। आसपास के लोग घटना के भयावह दृश्यों से स्तब्ध हैं। प्रशासन ने हाईवे पर सुरक्षा कड़ी कर दी है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया गया है। इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है और मामले की जांच जारी है। जिले में सुरक्षाबलों की सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
